शहर-राज्य

26 फ़रवरी को एमआईईटी में दीक्षांत समारोह, एकेटीयू कुलपति प्रो. जे.पी. पांडे करेंगे डिग्री वितरण

मेरठ। मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में 26 फ़रवरी को दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) के कुलपति प्रोफेसर डॉ. जे.पी. पांडे करेंगे। इस अवसर पर वर्ष 2025 के कुल 1108 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। मुख्य अतिथि डॉ जे.पी पांडे द्वारा सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में वीएलएसआई डिज़ाइन एवं टेक्नोलॉजी और सेंटर फॉर ड्रोन टेक्नोलॉजी का उद्घाटन किया जाएगा।
संस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सिंह ने बताया कि बीटेक के 718, बी.फार्मा के 68, एमबीए के 176, एमसीए के 113, एमटेक के 12 तथा एमफार्मा के 21 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी।
एमटेक (सीएसई) में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर तनु त्यागी को गोल्ड मेडल तथा द्वितीय स्थान पर रहीं प्रज्ञा जैन को सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। वहीं बीटेक कंप्यूटर साइंस की तन्वी बंसल, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के दीपक शर्मा, एमबीए की मनीका कंसल, बायोटेक्नोलॉजी की प्रशस्ति एवं विक्षिका तथा एमसीए की नंदनी अग्रवाल को विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करने पर रैंक मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दीक्षांत एवं मनोहर को टेक्नोलॉजी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप, मोहित को सस्टेनेबिलिटी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप तथा सार्थक सिसोदिया को एक्सेसिबिलिटी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के उपरांत इंडस्ट्री-अकादमिक इंटरैक्शन कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जिसमें उद्योगों से जुड़ी चुनौतियों एवं उनके संभावित समाधानों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ,इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन,मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन, मैन्युफैक्चरिंग इंडस्टरीज, इलेक्ट्रॉनिक स्पोर्ट्स गुड, इंफ्रास्ट्रक्चर, हैवी व्हीकल, बैंकिंग इंडस्ट्रीज आदि के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
प्रेस वार्ता में एमआईईटी के प्रेस प्रवक्ता अजय चौधरी, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह, रजिस्ट्रार शिवपूजन सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ हनी तोमर,डॉ मधुबाला शर्मा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button