आई.टी.एस. परिसर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डॉ. आर.पी. चड्ढा और अर्पित चड्ढा ने किया आत्मीय स्वागत

गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आई.टी.एस. – द एजुकेशन ग्रुप के लिए उस समय गौरवपूर्ण पल आया, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संस्थान परिसर में आगमन हुआ। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा एवं वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। संस्थान परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल रहा और पूरे कार्यक्रम को गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री का 17 जुलाई को जनपद गाजियाबाद आगमन निर्धारित था। इस दौरान उनका हेलीकॉप्टर आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज के ग्राउंड पर उतरा, जहां से वे अपने निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए काफिले के साथ रवाना हुए। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुबह से ही उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सुरक्षा एजेंसियां तथा प्रशासनिक अधिकारी संस्थान परिसर में मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं और आई.टी.एस. के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया गया। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आई.टी.एस. – द एजुकेशन ग्रुप की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए कहा कि आई.टी.एस. शिक्षा, चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अर्पित चड्ढा ने मुख्यमंत्री से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का संस्थान आगमन पूरे आई.टी.एस. परिवार के लिए अत्यंत सम्मान और प्रेरणा का विषय है। उनके आगमन से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वे एक सरल, दूरदर्शी और विकासोन्मुख नेतृत्वकर्ता हैं, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को समान दृष्टि से देखते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उनकी नीतियां प्रदेश को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम के अंत में अर्पित चड्ढा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संस्थान को अपना बहुमूल्य समय देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह आगमन आई.टी.एस. परिवार के लिए हमेशा एक प्रेरणादायक और अविस्मरणीय स्मृति रहेगा। संस्थान परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी प्रदेश सरकार के सहयोग से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को नई गति मिलती रहेगी।


