पार्किंग के नाम पर गुंडा टैक्स वसूली बर्दाश्त नहीं करेगी समाजवादी पार्टी- भारत भूषण

मथुरा। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र के मंडी चौराहा और आस-पास के इलाकों में पार्किंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। समाजवादी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव भारत भूषण शर्मा ने इस मामले को “गुंडा टैक्स” की संज्ञा देते हुए नगर निगम प्रशासन और संबंधित ठेकेदार पर तीखा हमला बोला है।
भारत भूषण शर्मा ने कहा कि मंडी चौराहा स्थित पार्किंग स्थल के ठेकेदार शुभम एंटरप्राइजेज द्वारा नगर निगम के नियमों की धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं उन्होंने आरोप लगाया कि निगम द्वारा निर्धारित सड़क और पटरी क्षेत्र के बाहर, मुख्य मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों से भी जबरन पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है, जो कि पूरी तरह से अवैध है
समाजवादी यूथ ब्रिगेड द्वारा उठाए गए मुख्य बिंदु:
अवैध रसीदें और गुंडागर्दी: वाहन चालकों से 50 से 100 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है इन रसीदों पर वाहन संख्या और समय का कोई सही विवरण नहीं होता और इन पर जमकर कटिंग/ओवरराइटिंग की जा रही है। नगर निगम की उपविधि के अनुसार, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े वाहनों से ही शुल्क लिया जा सकता है, न कि सड़क से गुजरने वाले वाहनों से मंडी गेट पर अवैध रूप से “एंट्री टैक्स” वसूला जा रहा है सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के बावजूद ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को डरा-धमकाकर धन उगाही की जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी
भारत भूषण शर्मा ने नगर आयुक्त से मांग की है कि इस प्रकरण की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार का टेंडर तत्काल निरस्त कर उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही (एफआईआर) सुनिश्चित की जाए, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस अवैध वसूली और “गुंडा टैक्स” पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो समाजवादी पार्टी आम जनता के हितों के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।



