संभव जनसुनवाई में 15 शिकायतों पर शुरू हुई कार्रवाई, शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर होगी कार्रवाई की निगरानी

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 15 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक शिकायतें निर्माण और उद्यान विभाग से संबंधित रहीं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संभव जनसुनवाई में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनिरुद्ध सिंह, प्रभारी प्रकाश विभाग और महाप्रबंधक जलकल कामाख्या प्रसाद आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की प्रकृति के अनुसार कार्रवाई करने और उनकी प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने बताया कि जनसुनवाई में निर्माण विभाग से संबंधित छह, उद्यान विभाग से पांच, जलकल विभाग से दो, अतिक्रमण से एक और अन्य विभाग से एक संदर्भ प्राप्त हुआ। इस तरह कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश संदर्भ सिटी जोन से संबंधित रहे। शिकायतों में संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया। नगर निगम की ओर से नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह संभव जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसमें नगर आयुक्त और संबंधित विभागों के अधिकारी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए कार्रवाई करते हैं। शिकायतों के निस्तारण की निगरानी शासन स्तर पर भी की जाती है। नगर आयुक्त के निर्देश पर संबंधित विभाग केवल शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई ही नहीं कर रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनका फीडबैक भी ले रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिकायत पर कार्रवाई के साथ समस्या का वास्तविक समाधान भी हो। नगर निगम का जोर शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और नागरिकों को राहत पहुंचाने पर है।



