ग़ाज़ियाबाद

होटल में आग से मची अफरातफरी, 18 लोगों को सुरक्षित निकाला; नौ दमकल गाडिय़ों और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से पाया काबू 

गाजियाबाद। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के साइट-4 स्थित बनाना ट्री होटल में मंगलवार दोपहर आग लगने से अफरातफरी मच गई। होटल के ऊपरी तल पर रेनोवेशन के दौरान लगी आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते परिसर में धुआं भर गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। आग और धुएं के बीच होटल के 12 कमरों में फंसे करीब 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के निर्देशन में दमकलकर्मियों ने नौ फायर टेंडर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:29 बजे अग्निशमन केंद्र वैशाली के कंट्रोल रूम को बनाना ट्री होटल, साइट-4, साहिबाबाद में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वैशाली अग्निशमन केंद्र से दो दमकल गाडिय़ां रवाना की गईं। इसके साथ ही साहिबाबाद अग्निशमन केंद्र से भी दमकल गाडिय़ां मौके पर भेजी गईं। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि होटल के पिछले हिस्से में ऊपरी तल पर आग लगी हुई थी। उस हिस्से में नवीनीकरण का काम चल रहा था और आग तेजी से फैल रही थी। सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने साहस, तत्परता और समर्पण के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा। होटल में स्थापित अग्निशमन प्रणाली के साथ नौ फायर टेंडर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग को पूरी तरह बुझाया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को होटल के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने तत्काल मोर्चा संभाला। होटल में स्थापित अग्निशमन प्रणाली से होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल गाडिय़ों से भी सीढिय़ों के रास्ते ऊपरी तल तक होज लाइन पहुंचाई गई। आग की विकरालता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और कोतवाली अग्निशमन केंद्रों से अतिरिक्त दमकल गाडिय़ां बुलाई गईं। टीमों ने आग को तीन तरफ से घेरकर बुझाने की कार्रवाई की और उसे होटल के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि होटल के अंदर कई कमरों में आग और धुआं भरने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया था। ऐसे में टीमों का गठन कर बचाव अभियान चलाया गया। एक टीम ने होटल के 12 कमरों में आग और धुएं के बीच फंसे करीब 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि दूसरी टीम आग बुझाने में जुटी रही। धुएं की निकासी के लिए एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल किया गया और होटल के कमरों की कांच की खिड़कियां तोड़कर धुएं को बाहर निकाला गया। इससे बचाव कार्य में तेजी लाने और आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button