प्राक्कलन समिति की बैठक में गूंजा प्रीपेड मीटर के विरोध का मुद्दा

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। गाजियाबाद के विकास भवन में उत्तर प्रदेश अठारहवीं विधान सभा की प्राक्कलन समिति (वर्ष 2025-26) की प्रथम उप समिति की बैठक का आयोजन किया गया। सभापति मुकेश चौधरी के सभापतित्व में आयोजित बैठक में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा.निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक डॉ मंजू शिवाच ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध के मुद्दे को जोरशोर से उठाया। सभापति ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना उपभोक्ता की मर्जी के प्रीपेड स्मार्ट मीटन न लगाए जाएं। बैठक से पूर्व मुकेश चौधरी के नेतृत्व में प्राक्कलन समिति (वर्ष 2025-26) की प्रथम उप-समिति द्वारा प्रथम अध्ययन भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न स्थलों का गहन निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मोदीनगर विधायक डॉ मंजू शिवाच ने मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रीपेड विद्युत मीटर लगाए जाने को लेकर जनता की चिंताओं एवं समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई स्थानों से उपभोक्ताओं पर प्रीपेड मीटर लगाए जाने का दबाव बनाये जाने की बात सामने आ रही है जिससे आमजन में असंतोष व्याप्त है। विधायक डॉ शिवाच ने कहा कि किसी भी उपभोक्ता के घर पर उसकी इच्छा के विरुद्ध प्रीपेड मीटर नहीं लगाया जाना चाहिए। यदि किसी को इस संबंध में आपत्ति है अथवा कोई समस्या है, तो वह अपनी आपत्ति लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकता है, जिस पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। स्मार्ट मीटर लगाए जाने का लेकर सभापति महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की सहमति के बिना विद्युत विभाग द्वारा जबरन प्रीपेड मीटर नहीं लगाए जाएंगे तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए।



