ग़ाज़ियाबाद

पर्यटन को नई रफ्तार: यूपी में लागू हुई बेड एंड ब्रेकफास्ट व होमस्टे नीति-2025-जागरूकता गोष्ठी आयोजित, अधिक से अधिक पंजीकरण के लिए अपील

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘बेड एंड ब्रेकफास्टÓ एवं होमस्टे नीति-2025 लागू कर दी गई है। इस नीति के जरिए न केवल पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन का अनुभव मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों के लिए आय के नए स्रोत भी विकसित होंगे।
इसी क्रम में मंगलवार को कवि नगर स्थित जानकी सभागार, रामलीला मैदान में इस नीति के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एक प्रेजेंटेशन एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में होटल, गेस्ट हाउस, पीजी और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और नीति से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के दौरान पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत ने विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से नीति की विशेषताओं और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर के इच्छुक भवन स्वामी एवं पेइंग गेस्ट हाउस संचालक ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस योजना से जुडऩे की अपील की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सदर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आगमन के चलते होटलों में कमरों की कमी महसूस की जा रही है। ऐसे में बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति-2025 एक प्रभावी विकल्प साबित होगी, जिससे आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने कहा कि गाजियाबाद में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां स्थित सीकरी महामाया मंदिर, गंगनहर, घूमेश्वर महादेव मंदिर और दूधेश्वरनाथ मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। इन स्थलों के आसपास होमस्टे विकसित कर स्थानीय लोग बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित पर्यटन व्यवसायियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया और सभी को इस योजना में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस नीति के अंतर्गत पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, जिसके लिए आधिकारिक पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट, जिला सूचना अधिकारी, होटल ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, आईएचएमटी गाजियाबाद के प्रोफेसर एवं छात्रगण भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार व आय के अवसरों में वृद्धि होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button