ग़ाज़ियाबाद

आईपीए ने उठाया सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चो की हाइ टेंशन लाइन से सुरक्षा का मुद्दा

गाज़ियाबाद। इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के ऊपर और निकट से गुजर रही हाई-टेंशन विद्युत लाइनों को बच्चों के जीवन के लिए “सीधा खतरा” बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज की है और छात्र छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इस बेहद अहम मुद्दे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सीधे तौर पर लिखा गया है कि सरकारी स्कूलों के ऊपर खतरनाक विद्युत लाइनों के रहते नौनिहालों  की पढ़ाई नहीं, बल्कि हर दिन उनका जीवन और सुरक्षा  दांव पर लगी है। इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा त्यागी ने कड़े शब्दों में कहा —

“स्कूलों के ऊपर से गुजरती हाई-टेंशन लाइनें किसी भी क्षण भयावह दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। सरकार बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं कर सकती। इन मौत बन चुकी लाइनों को तुरंत हटाना ही होगा — देरी किसी बड़ी त्रासदी को न्योता देने जैसा है।” वही आईपीए के महासचिव महिपाल रावत ने कहा —

“ऊर्जा विभाग और शिक्षा विभाग का संयुक्त सर्वे तुरंत कराया जाए, सभी जोखिमग्रस्त विद्यालय चिन्हित हों और तय समय-सीमा में विद्युत लाइनों को सुरक्षित रास्ते पर शिफ्ट किया जाए। यह कागजी कार्यवाही का विषय नहीं — बच्चों की जान बचाने का सवाल है, और प्रशासन को जवाबदेह बनना ही होगा।”

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अभिभावकों के साथ इन मौत की लाइनों को हटवाने के लिए प्रदेश स्तर पर अभियान चलाया जाएगा और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन ने मांग दोहराई है कि सरकार तत्काल निर्णय लेकर स्कूल परिसरों को हाई-टेंशन तारों के खतरे से मुक्त करे और सुरक्षित शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button