पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर को दी 19 परियोजनाओं की सौगात

जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद शुरू हुआ जम्मू-कश्मीर को तोहफे मिलने का सिलसिला बरकरार है। प्रदेश में 10,637 करोड़ रुपये से दो सुरंग, तीन फ्लाईओवर, चार पुल और पांच सड़कों समेत अन्य निर्माण कार्य होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर को 19 परियोजनाओं की नई सौगात दी है। प्रदेश में 10,637 करोड़ रुपये से दो सुरंग, तीन फ्लाईओवर, चार पुल और पांच सड़कों समेत अन्य निर्माण कार्य होंगे। कुल मंजूर किए गए बजट का करीब 70 फीसदी दो सुरंगों को बनाने पर खर्च होगा। रक्षा मंत्रालय के साथ हुई बैठक के बाद सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नेशनल हाईवे इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएच आईडीसीएल) को तत्काल प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट बीआरओ को उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। दोनों टनल का निर्माण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) करेगा। सड़क परिवहन मंत्रालय ने निर्माण को उच्च स्तर पर प्राथमिकता देने की बात कही है। 3,830 करोड़ रुपये से होगा बारामुला से गुलमर्ग के बीच नेशनल हाईवे 701-ए पर पीर की गली में सुरंग का निर्माण। टनल बनने के बाद इस इलाके के लोग सभी मौसम में आवाजाही कर पाएंगे। 3,330 करोड़ रुपये खर्च होंगे साधना टनल को बनाने में। यह सुरंग नेशनल हाईवे 701 पर कुपवाड़ा जिले के करनाह में साधना दर्रा पर बनाई जाएगी। इस टनल के बन जाने से कुपवाड़ा क्षेत्र के दूरदराज के गांवों की सभी मौसम में आवाजाही सुनिश्चित होगी। इस समय यहां लोगों को करीब 10 हजार 269 फुट के साधना दर्रा को पार करना पड़ता है और बर्फबारी के दौरान यह मार्ग ठप हो जाता है।



