ग़ाज़ियाबाद

यातायात नियम तोडऩे वालों पर कसेगा शिकंजा, हेलमेट-सीट बेल्ट के लिए चलेगा विशेष अभियान 

गाजियाबाद। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस अब नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई और तेज करेगी। यातायात माह के तहत चलाए जा रहे अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बुधवार को एडिशनल सीपी ट्रैफिक राजकरन नैय्यर ने अधिकारियों के साथ मासिक गोष्ठी की। इसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतने के साथ वाहन चालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि सड़क पर लापरवाही बरतने वालों में कानून का डर और यातायात नियमों के प्रति गंभीरता पैदा हो। एडिशनल सीपी ट्रैफिक ने यातायात माह के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों और निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन दौड़ाने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे मामलों में नियमित जांच की जाए और नियम तोडऩे वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। तेज रफ्तार और सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनती है। ऐसे में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक करना भी जरूरी है। मासिक गोष्ठी में नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने और प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों की जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रमुख मार्गों, चौराहों और व्यस्त इलाकों में चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जाए। इससे सड़कों पर अव्यवस्था फैलाने वाले वाहनों पर नियंत्रण किया जा सकेगा।
एडिशनल सीपी ट्रैफिक राजकरन नैय्यर ने कहा कि कार्रवाई केवल चालान काटने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसका उद्देश्य वाहन चालकों की आदतों में सुधार लाना और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना भी है। इसके लिए जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएं और लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा पार्किंग नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की नियमित निगरानी करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button