ग़ाज़ियाबाद

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का निरीक्षण, अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को दिए नियमित संचालन के निर्देश

गाजियाबाद। शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम ने कदम बढ़ाया है। नगर निगम की ओर से निदौरी गांव में क्लस्टर आधारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट शुरू किया गया है। अत्याधुनिक मशीनों से लैस इस प्लांट में फिलहाल ट्रायल के रूप में कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई है। मंगलवार को प्लांट के नियमित संचालन और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कूड़े के पृथक्करण से लेकर उसके निस्तारण तक की पूरी प्रक्रिया को देखा और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कूड़े की समस्या से राहत मिलने के साथ ही उससे उपयोगी उत्पाद भी तैयार किए जा सकें। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को प्लांट में स्थापित मशीनों, उनकी क्षमता और कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यदायी संस्था एडीओ ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संजय गुप्ता और अंकित अग्रवाल ने प्लांट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। नगर आयुक्त ने मौके पर कूड़े की छंटाई और उसके अलग-अलग हिस्सों के निस्तारण का डेमो भी देखा। उन्होंने संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि ट्रायल के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाए और प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कूड़े का पृथक्करण और उसका वैज्ञानिक प्रबंधन नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए उपलब्ध संसाधनों और आधुनिक मशीनों का बेहतर उपयोग किया जाना जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ट्रायल के दौरान प्लांट की नियमित निगरानी करने और उसकी कार्यक्षमता पर नजर रखने के निर्देश दिए। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के प्रयासों से शहर में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। नगर निगम का लक्ष्य है कि क्लस्टर आधारित इस प्लांट के पूरी क्षमता से संचालित होने पर शहर के कचरे का व्यवस्थित निस्तारण हो और खुले में कचरा जमा होने की समस्या में कमी आए। 
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि निदौरी गांव में करीब 45 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में क्लस्टर आधारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट विकसित किया गया है। यह प्लांट सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर आधारित है। इसमें आधुनिक तकनीक और मशीनों के माध्यम से गाजियाबाद नगर निगम तथा खोड़ा नगर पालिका से आने वाले कचरे का निस्तारण किया जाएगा। प्लांट की क्षमता प्रतिदिन लगभग 1000 से 2000 टन बताई गई है। यहां कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण और प्रसंस्करण कर उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसमें जैविक कचरे से खाद तथा अन्य उपयुक्त कचरे से आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) तैयार करने की व्यवस्था की गई है। इससे कचरे को केवल एकत्र कर डंप करने के बजाय उसका उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। प्लांट में कचरे को उतारने के लिए विशेष पिट सिस्टम तैयार किया गया है। इसके माध्यम से कचरा लेकर आने वाले वाहन सीधे निर्धारित स्थान पर पहुंचकर कचरा खाली कर सकेंगे और बिना अनावश्यक रुकावट के बाहर निकल जाएंगे। इसके बाद कचरे को प्रसंस्करण के लिए ड्राइंग सिस्टम से गुजारा जाएगा। इस व्यवस्था में हवा के माध्यम से कचरे को सुखाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे आगे उसकी छंटाई और निस्तारण आसान हो सके। कचरे के आकार के आधार पर पृथक्करण के लिए ट्रॉमल मशीनें लगाई गई हैं। प्लांट में कुल 10 ट्रॉमल मशीनों की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा कचरे से निकलने वाले गंदे पानी यानी लीचेट के उपचार के लिए लीचेट ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button