तुलसी-शालिग्राम विवाह से गूंजेंगे घर-आंगन, 20 नवंबर को मनाई जाएगी देवोत्थान एकादशी

चार महीने की योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, तुलसी विवाह के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य; शाम 5:25 से 7:40 बजे तक रहेगा शुभ मुहूर्त
प्रयागराज। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान एकादशी या प्रबोधिनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष 20 नवंबर को यह पर्व मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ माता तुलसी का विवाह कराया जाता है।
तुलसी विवाह को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। लोग अपने घरों में तुलसी के पौधे को सजाकर विधि-विधान से पूजा करते हैं। गन्ने का मंडप बनाकर तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। इस दौरान मंगल गीत गाए जाते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।
पौराणिक कथा का है विशेष महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार जलंधर की पत्नी वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त और पतिव्रता स्त्री थीं। जलंधर के अत्याचारों से परेशान होकर भगवान विष्णु ने उसका अंत करने के लिए वृंदा के सतीत्व की परीक्षा ली। इसके बाद वृंदा ने भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दिया। मान्यता है कि भगवान विष्णु ने शालिग्राम के रूप में प्रकट होकर वृंदा को तुलसी के रूप में पूजित होने का वरदान दिया। तभी से तुलसी और शालिग्राम विवाह की परंपरा चली आ रही है।
यह रहेगा तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त
ज्योतिषीय जानकारी के अनुसार तुलसी विवाह के लिए शाम 5:25 बजे से 7:40 बजे तक का समय शुभ बताया गया है। वहीं दोपहर 11:42 बजे से 12:30 बजे तक भी शुभ समय रहेगा।
ज्योतिषाचार्य पं. विजय मिश्रा, दरागंज, प्रयागराज के अनुसार तुलसी विवाह का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है तथा परिवार में खुशहाली बनी रहती है। देवोत्थान एकादशी के बाद विवाह जैसे मांगलिक कार्यों का शुभारंभ भी हो जाता है।



