80 लाख के नशे का खेल बेनकाब, पुलिस ने दो तस्करों को 164 किलो गांजे के साथ दबोचा

गाजियाबाद। असली पहचान छिपाने के लिए छद्म नाम, बातचीत के लिए विशेष मोबाइल एप और गांजे की खेप पहुंचाने के लिए अलग-अलग रास्ते। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में नशे का कारोबार चलाने वाले दो तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए पूरा जाल बिछा रखा था। दोनों एक-दूसरे को असली नाम के बजाय दूसरे नामों से बुलाते थे और ओडिशा तथा विशाखापट्टनम के तस्करों से संपर्क कर गांजे की खेप मंगाते थे। पुलिस की अपराध शाखा और मुरादनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से करीब 80 लाख रुपये कीमत का 164 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा आइसर कैंटर बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रवीण त्यागी निवासी केशव कुंज कॉलोनी, मोदीनगर और अरुण शर्मा निवासी जटौली गांव, मेरठ के रूप में हुई है। दोनों की करीब 25 वर्ष पुरानी जान-पहचान है। वर्ष 2017 से दोनों हरियाणा निर्मित शराब की तस्करी में साथ काम कर रहे थे। शराब को गाजियाबाद, मेरठ और हरिद्वार समेत कई स्थानों पर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसमें अपेक्षित मुनाफा नहीं मिलने पर दोनों ने करीब आठ महीने पहले गांजे की तस्करी शुरू कर दी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गांजे की खरीद के लिए दोनों अरविंद उर्फ भूरा के माध्यम से ओडिशा और विशाखापट्टनम के स्थानीय तस्करों से संपर्क करते थे। वहां से गांजा लाकर अलग-अलग रास्तों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में सप्लाई किया जाता था। तस्करी के लिए प्रवीण ने अपने दोस्त योगेंद्र के नाम पर आशीर्वाद कंपनी का आइसर कैंटर खरीदा था। पिछले करीब छह महीने से इसी कैंटर के माध्यम से गांजे की खेप लाई जा रही थी। पहचान छिपाने के लिए दोनों आपस में बातचीत के दौरान एक-दूसरे को छद्म नामों से बुलाते थे। इसके अलावा विशेष मोबाइल एप का इस्तेमाल करते थे, जिससे उनकी बातचीत सामान्य रूप से पकड़ में न आए। पुलिस के मुताबिक, इस कारोबार में प्रति किलोग्राम गांजे पर करीब तीन हजार रुपये का मुनाफा होता था। पिछले महीने भी करीब 100 किलोग्राम गांजे की खपत की गई थी। पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर अपराध शाखा और मुरादनगर पुलिस ने काकड़ा पुलिया से सौंदा पुल नहर की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध आइसर कैंटर को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से 164 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहर के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना मुरादनगर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।



