इंदिरापुरम चौकी विस्फोट पर बोले लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर- “आरोपियों को ऐसा जवाब मिलेगा कि सात पीढ़ियां याद रखेंगी”
गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी में हुए विस्फोट और एक आतंकी संगठन की ओर से इसकी जिम्मेदारी लेने के दावे के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने वीडियो संदेश जारी कर घटना की निंदा की और लोगों से दीपावली का त्योहार बिना किसी डर के मनाने की अपील की।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि यह योगी आदित्यनाथ की सरकार और उनकी पुलिस है। दीपावली जैसे महापर्व पर इस तरह की हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद पुलिस जल्द ही आरोपियों को ऐसा जवाब देगी, जिसे उनकी सात पीढ़ियां याद रखेंगी।
नंदकिशोर गुर्जर ने अपने संदेश में कहा, “जो जिहादियों की नीच हरकत दीपावली के इस महापर्व पर हुई है, उसके लिए मैं प्रदेश और देश के सम्मानित भाई-बहनों से कहना चाहता हूं कि किसी प्रकार की चिंता न करें। माननीय योगी सरकार में बहुत जल्दी इन सभी को 72 हूरों के पास भेजने का काम गाजियाबाद पुलिस करेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान में घुसकर भी जवाब दिया जाएगा। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है और देश ऐसे तत्वों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। विधायक ने लोगों से भरोसा बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी लोग आराम और आनंद के साथ दीपावली का त्योहार मनाएं। वहीं, चौकी में हुए विस्फोट और आतंकी संगठन की ओर से जिम्मेदारी लेने के दावे की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदारी की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
