मां भगवती के जयकारों से गूंजा गाजियाबाद, जागरण में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

गाजियाबाद। मां भगवती के जयकारों, भक्ति गीतों और धार्मिक झांकियों के बीच महामाई जनकल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजित 11वां भव्य मां भगवती जागरण एवं विशाल भंडारा धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। पांच नवंबर को आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में करीब चार हजार श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त आयुक्त उद्योग, सहारनपुर मंडल बीरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र गाजियाबाद से सहायक आयुक्त उद्योग विकास यादव और आलोक सिंह तथा सहायक प्रबंधक अनित कुमार सैनी ने भी शिरकत की। भाजपा के क्षेत्रीय संयोजक एवं उत्तर प्रदेश विश्वकर्मा विराट संघ के उपाध्यक्ष राजू पांचाल ने भी जागरण में पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद लिया। उन्होंने समिति की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए पदाधिकारियों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। जागरण में टी-सीरीज के प्रसिद्ध भजन गायक पंडित राम अवतार शर्मा ने अपनी मधुर आवाज और भक्तिमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत माता रानी के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे। पूरा वातावरण माता के जयकारों से गूंजता रहा। पंडित सुनील शुक्ला के कुशल संचालन में धार्मिक कार्यक्रम आगे बढ़ा। इस दौरान प्रस्तुत की गई मनमोहक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। श्री राधा-कृष्ण, भगवान शिव-पार्वती, पंचमुखी हनुमान जी के साथ लांगुर, महाकाली के पांच स्वरूप और मां दुर्गा के वैष्णो स्वरूप की सुंदर झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तों ने झांकियों के दर्शन कर माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। जागरण के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में करीब चार हजार महिला-पुरुषों, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के लिए स्वादिष्ट प्रसाद श्री विपिन कुमार हलवाई ने तैयार किया। समिति के पदाधिकारियों और सेवादारों ने प्रसाद वितरण से लेकर अतिथियों के स्वागत तक सभी व्यवस्थाओं को संभाला। समिति के अध्यक्ष ललित कुमार दीक्षित ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, दानदाताओं, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि समस्त क्षेत्रवासियों की श्रद्धा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। समिति भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में इसी प्रकार योगदान देती रहेगी। आयोजन को सफल बनाने में संस्थापक उपेंद्र मिश्रा, सांस्कृतिक मंत्री प्रेम सागर यादव, कोषाध्यक्ष अनंत देव, सचिव सुशील चौहान, उपाध्यक्ष राम जायसवाल, वरिष्ठ सलाहकार बालकिशन पाल, मीडिया प्रभारी पुनीत दीक्षित और संरक्षक सुखबीर मास्टर सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। धर्म प्रकाश, नीरज त्यागी, अरुण त्यागी, किरण पाल सिंह, कमलेश यादव, ओमपाल मिस्त्री, संजू सिंह, जितेंद्र शर्मा, एडवोकेट तरुण कुमार तोमर और अमित सैनी सहित अन्य सहयोगियों ने भी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
