शहर-राज्य

निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोप, स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम के वार्ड संख्या 12 स्थित राधेश्याम कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एचआर स्कूल के पास पीआर हॉस्पिटल के पीछे गली में चल रहे निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर निगम हाय-हाय और पार्षद प्रतिनिधि ब्रजेश रावल मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। वहीं, ठेकेदार पवन पर चैंबर और नाली निर्माण के नाम पर पैसे लेने के आरोप भी लगाए गए। लोगों ने कहा कि सरकारी धन से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। निर्माण कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थानीय निवासियों ने ऑनलाइन जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और सड़क व नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने की मांग की है। मामले में पार्षद प्रतिनिधि ब्रजेश रावल ने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि शिकायत के संबंध में उन्होंने कथित तौर पर कहा कि लोग शिकायत करते रहें, इससे कुछ नहीं होगा। इसको लेकर भी लोगों में नाराजगी है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें नगर निगम और जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि शिकायत की जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button