छठ घाटों पर जगमगाएंगी रंग-बिरंगी रोशनी, 75 से अधिक घाटों पर नगर निगम करेगा विशेष इंतजाम

गाजियाबाद। छठ पर्व को भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में हिंडन नदी छठ घाट सहित 75 से अधिक घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। घाटों पर सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ इस बार रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों से भी सजावट की जाएगी। हिंडन नदी छठ घाट पर लेजर लाइट शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। तैयारियों को लेकर शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पूर्वांचल समाज की विभिन्न समितियों और पुरबिया जनकल्याण परिषद के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुझाव मांगे। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के सभी संबंधित विभाग त्योहारों की तैयारियों में जुटे हैं। इसी क्रम में छठ पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त से मुलाकात की। बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी छठ पर्व को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएंगी। बैठक में पुरबिया जनकल्याण परिषद की ओर से रीता सिंह, राकेश तिवारी, जय दीक्षित और मनोज ने नगर निगम की ओर से हर वर्ष की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने इस बार सभी छठ घाटों को आकर्षक रोशनी से सजाने का सुझाव दिया। इस पर नगर आयुक्त ने प्रकाश विभाग को प्रमुख घाटों पर रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटें लगाने के निर्देश दिए। हिंडन नदी छठ घाट पर पहले से प्रस्तावित लेजर लाइट शो के अलावा अन्य प्रमुख घाटों पर भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, जिससे पर्व के दौरान घाटों का माहौल आकर्षक और भव्य दिखाई दे। नगर आयुक्त ने वरिष्ठ प्रभारी प्रकाश नरेंद्र कुमार चौधरी को निर्देश दिए कि प्रकाश व्यवस्था से संबंधित सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं। घाटों के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि शाम और रात के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को छठ घाटों और वहां तक जाने वाले मार्गों की सफाई व्यवस्था विशेष रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर नियमित सफाई के साथ कूड़ा उठाने और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने पर भी ध्यान दिया जाए। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। सभी जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के छठ घाटों पर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे और मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी काम में लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं पर्व से पहले पूरी कर ली जाएं। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम का कहना है कि पूर्वांचल समाज की संस्थाओं से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के छठ पर्व मना सकें।



