बाइक-स्कूटी की टक्कर बनी खूनी रंजिश, थप्पड़ का बदला लेने के लिए हिमांशु की चाकू से हत्या

गाजियाबाद। बाइक और स्कूटी के हैंडल टकराने से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक युवक ने जलालपुर गांव के पूर्व प्रधान के भतीजे हिमांशु चौधरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मुरादनगर क्षेत्र में हुई इस वारदात का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि आठ अक्टूबर की रात करीब आठ बजे जलालपुर गांव निवासी हिमांशु चौधरी (35) ड्यूटी से बाइक पर घर लौट रहे थे। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर असालतनगर स्थित हनुमान मंदिर के पास उनकी बाइक की एक स्कूटी से टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर हिमांशु और स्कूटी सवार के बीच विवाद हो गया और दोनों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद जलालपुर के पास भी दोनों का आमना-सामना हुआ। आरोप है कि इस दौरान हिमांशु ने समीर को थप्पड़ मार दिए थे। पुलिस के मुताबिक, थप्पड़ मारे जाने से नाराज समीर ने हिमांशु से बदला लेने की ठान ली। उसने हिमांशु का करीब 200 मीटर तक पीछा किया और प्राथमिक विद्यालय के पास उन्हें रोक लिया। इसके बाद सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु को परिजनों ने मोदीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां नौ अक्टूबर की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान दिल्ली-मेरठ मार्ग, जलालपुर और आसपास के इलाकों में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस को घटनास्थल पर एक बैग मिला था, जो जांच में अहम सुराग साबित हुआ। बैग के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। इसके बाद बैग समीर का होने की जानकारी मिली। पुलिस ने समीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुरुआत में उसने अनजान बनने का प्रयास किया, लेकिन बाद में वारदात से जुड़ी जानकारी दे दी। आरोपी नूरगंज कॉलोनी में हूदा मस्जिद के पास का रहने वाला बताया गया है। डीसीपी ग्रामीण ने मामले का खुलासा करने वाली स्वाट टीम ग्रामीण जोन और मुरादनगर पुलिस की टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।



