शहर-राज्य

विधायक के काफिले का ग्रामीणों ने किया विरोध, कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर होने पर जताया आक्रोश

मथुरा।  गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के गांव दतिया में भाजपा विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह के काफिले को लेकर ग्रामीणों के विरोध का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की बदहाल सड़क और कीचड़ की समस्या को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि विधायक मेघश्याम सिंह का काफिला गांव दतिया से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव में प्रवेश को लेकर विरोध जताया और सड़क पर जलभराव एवं कीचड़ की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते की स्थिति ऐसी थी कि काफिले को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा।

इसी दौरान एक व्यक्ति कीचड़ में उतर गया और आक्रोश जताते हुए कीचड़ उछालने लगा। इसको लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन गांवों में सड़क, जलनिकासी और जलभराव जैसी मूलभूत समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दतिया समेत आसपास के कई गांवों में भी विकास कार्यों को लेकर नाराजगी है।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि गांवों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जनप्रतिनिधियों के गांव में प्रवेश का विरोध किया जाएगा। हालांकि, वायरल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम और ग्रामीणों के आरोपों पर विधायक मेघश्याम सिंह की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button