एक झटके में उजड़ गया परिवार, डंपर की टक्कर से तीन की मौत

हादसे में दो बच्चे घायल, क्षतिग्रस्त कार से निकाले गए शव
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर, पीलीभीत।
पूरनपुर-खुटार हाईवे पर सोमवार दोपहर पिपरिया मोड़ के पास तेज रफ्तार डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार मां, बेटे और बहू की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक तारक उसमें फंस गया। पुलिस और राहत-बचाव टीम ने कार को काटकर शव को बाहर निकाला। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।उत्तराखंड के सितारगंज थाना क्षेत्र के शक्तिफार्म निवासी साधना गायन पत्नी सनातन गायन सोमवार दोपहर अपने देवर तारक, 16 वर्षीय बेटी खुशबू, 14 वर्षीय बेटे शांतनु और सास शैफाली के साथ कार से लखीमपुर खीरी जिले के पलिया क्षेत्र जा रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे उनकी कार पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में पिपरिया मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान सामने से आए डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीर मौके पर रुक गए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद राहत-बचाव कार्य तेज किया गया। गंभीर रूप से घायल खुशबू और शांतनु को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।हादसे में साधना गायन, उनके देवर तारक और सास शैफाली की मौत हो गई। चालक तारक की मौत हादसे में मौके पर ही हो गई थी। क्षतिग्रस्त कार में शव फंस जाने के कारण पुलिस ने कार को काटकर शव को बाहर निकलवाया। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।हादसे की सूचना परिवार के लोगों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं मां को खोने वाले दोनों बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार की चिंता और बढ़ गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।




