ग़ाज़ियाबाद
पुराने बस अड्डे पर एंट्री फीस का खेल, विरोध करने पर टेंपो चालक पर हमला
गाजियाबाद। पुराने बस अड्डे पर टेंपो चालकों से एंट्री फीस के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। मरियम नगर निवासी टेंपो चालक अरुण ने आरोप लगाया कि 17 सितंबर को उसने एंट्री फीस के नाम पर रुपये देने से मना कर दिया था। इससे नाराज होकर जयभगवान और उसके भांजे गुड्डू ने उस पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अरुण के मुताबिक, आरोपियों ने उससे रुपये देने के लिए दबाव बनाया था। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और धारदार हथियार व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल चालक ने पुलिस से शिकायत की। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शिकायत के आधार पर सिहानी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।



