पोस्टरों में सजा विद्यार्थियों के सपनों का विकसित भारत, आराध्या चौहान ने हासिल किया पहला स्थान

गाजियाबाद। सेंट टेरेसा स्कूल, कौशांबी में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के चेयरमैन एवं दूरदर्शी शिक्षाविद् राजा रमन खन्ना के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को रंगों और विचारों के जरिए प्रभावी ढंग से सामने रखा। कार्यक्रम में पार्षद कुसुम मनोज गोयल और पूर्व प्रधानाचार्य एवं कौशांबी प्लॉट एरिया की महासचिव उर्मिला अरोड़ा ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के पोस्टरों का अवलोकन करते हुए उनकी रचनात्मकता की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के भविष्य की मजबूत नींव विद्यार्थियों के विचारों और उनकी शिक्षा से तैयार होती है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारतÓ को अलग-अलग कल्पनाओं के साथ पोस्टरों पर उकेरा। किसी ने स्वच्छ और हरित भारत का संदेश दिया तो किसी ने शिक्षा, तकनीक और विकास के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने की कल्पना प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में आराध्या चौहान, श्रद्धा, भूमिका चौहान, तानिश गौतम, गोवांगी, ईवा पाठक, त्रिशा गौतम, प्रतीक, नावी गराईन, आरव शर्मा, विमान चौधरी, अली रज़ा खान, जस्मीत छाबड़ा, नियति अरोड़ा, जाह्नवी, विदुषी, खुशी एवं रेयांश गौतम ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में आराध्या चौहान ने प्रथम, श्रद्धा ने द्वितीय और भूमिका चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के परिणाम घोषित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय की शिक्षिकाओं पियूष, पारिधि, सविता, रचना, दीपा, प्रीति, विभा, वंशिका, अमीषा, सोनम, श्रयान्ति एवं रिद्धि का आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए इस तरह की गतिविधियां आगे भी आयोजित की जाती रहेंगी।


