पीटीएम में बच्चों की प्रगति अभिभावकों को बताएं, लापरवाही पर होगी जांच

गाजियाबाद। जिला अधिकारी कार्यालय के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की सितंबर माह की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अगस्त माह में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी 26 सितंबर को होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि पीटीएम में प्रत्येक बच्चे का समग्र प्रगति पत्र अभिभावकों के साथ साझा किया जाए, ताकि उन्हें बच्चे की शैक्षिक प्रगति की वास्तविक जानकारी मिल सके। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों के ड्रेस में आने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ड्रेस में नहीं आने वाले बच्चों के अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें बच्चों को निर्धारित यूनिफार्म में विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। पीटीएम के निरीक्षण के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में निपुण भारत मिशन के तहत शैक्षिक गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर दिया गया। सीडीओ ने सभी विद्यालयों में नियमित रूप से निपुण आकलन कराने और प्रतिमाह शत-प्रतिशत बच्चों का आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाल वाटिका-3 के लिए भेजी गई पुस्तकों, एचपीसी कार्ड, स्कूल रेडीनेस हैंडबुक, निपुण तालिकाओं और बिग बुक्स की विद्यालय स्तर पर स्कैनिंग की भी समीक्षा की गई। अभी तक 72 प्रतिशत स्कैनिंग होने पर शेष कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्राप्त विभिन्न फंड और उनके उपयोग की फोटो सहित आख्या आगामी अक्टूबर की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया। बैगलेस डे की गतिविधियां निर्धारित कैलेंडर के अनुसार नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल तलहटा में शेष 28 प्रतिशत निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने तथा जर्जर विद्यालयों की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा गया। सीडीओ ने बताया कि जनपद के सभी विद्यालय अब संपर्क टीवी से आच्छादित हो चुके हैं। इसलिए शिक्षक संपर्क टीवी के माध्यम से शिक्षण कार्य कराएं और डाटा नियमित रूप से सिंक करें। चिंपल ऐप पर बच्चों को नियमित कार्य देने और कक्षा एक व दो के अभिभावकों को अधिक से अधिक जोडऩे के निर्देश दिए गए। खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा गया कि वे निरीक्षण के दौरान शिक्षकों से ऐप की प्रगति की जानकारी लें और इसके उपयोग को बढ़ावा दें। बैठक में मिड-डे मील, विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों, 19 पैरामीटर की जांच, डीटीएफ/बीटीएफ निरीक्षण सहित अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। कस्तूरबा विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं को आवश्यक पुरानी किताबें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में बीएसए ओपी यादव, एएओ विकास बघेल, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, डीसी, एसआरजी तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


