ग़ाज़ियाबाद

ईस्टर्न पेरीफेरल पर अज्ञात वाहन से भिड़ी पिकअप, चालक की दर्दनाक मौत 

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। रसूलपुर सिकरोड़ा टोलबूथ के पास दुहाई चढ़ाव पर बागपत की ओर से आ रही महिंद्रा पिकअप किसी अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। एसीपी मसूरी सुनील कुमार के अनुसार, मंगलवार 15 सितंबर की तड़के करीब पौने चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रसूलपुर सिकरोड़ा टोलबूथ के पास दुहाई चढ़ाव पर सड़क हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां महिंद्रा पिकअप क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल था। पुलिस ने घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विवेक (20) पुत्र ओमेन्द्र, निवासी नयाबास, तहसील इगलास, अलीगढ़ के रूप में हुई है। वह वर्तमान में विश्वास नगर, शाहदरा दिल्ली में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप बागपत की तरफ से आ रही थी और दुहाई चढ़ाव के पास आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क के किनारे कराया, जिसके बाद मार्ग को सुचारू कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। एसीपी मसूरी ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button