ग़ाज़ियाबाद

दूधेश्वर मंदिर में गूंजे गणपति के जयकारे, 2100 लड्डुओं के भोग से शुरू हुआ महोत्सव

गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच भव्य दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव-2026 का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, गणपति स्तुति और सहस्रनाम पाठ से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भगवान गणपति को प्रिय मोदक और लड्डुओं का भोग लगाकर सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना की गई। मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज की अध्यक्षता में आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रात: साढ़े दस बजे गणपति महाराज की प्रतिमा के समक्ष गणेश पूजन, अभिषेक और विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ। दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। गणपति स्तुति और सहस्रनाम पाठ के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए। महोत्सव के मुख्य यजमान अनुज धर्म गर्ग, अध्यक्ष, श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर विकास समिति, एवं उनके परिवारजन रहे। उन्होंने विधिवत संकल्प लेकर गणपति महाराज का पूजन किया और दूर्वा, पुष्प, मोदक एवं लड्डू अर्पित किए। पूजन में विजय मित्तल और बीके शर्मा ने भी सहभागिता की।
गाजियाबाद के विधायक संजीव शर्मा अपने जन्मदिन के अवसर पर दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान दूधेश्वर और गणपति महाराज के दर्शन-पूजन कर विधि-विधान से आराधना की। उन्होंने गाजियाबाद सहित समूचे क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना की। इस अवसर पर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने विधायक संजीव शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय, यशस्वी और दीर्घायु जीवन का आशीर्वाद दिया। इसी अवसर पर हिमांशु शर्मा का भी जन्मदिन मनाया गया। श्रीमहंत ने उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्य लक्ष्मीकांत, नित्यानंद, रोहित त्रिपाठी और अजय दाधीच तथा साध्वी विष्णुप्रिया गिरि के साथ महंत महेश दास ने विभिन्न वेदियों और देवताओं का विधिवत पूजन कराया। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। इस दौरान विजय मित्तल, अध्यक्ष श्रृंगार सेवा समिति, विजय सिंगल, सुनील शर्मा, बीके शर्मा हनुमान, पुनीत पाहवा, अमित शर्मा, सचिन, पिंटू, संजीव वर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक, ज्ञान, समृद्धि और शुभता के अधिष्ठाता हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गणपति पूजन से की जाती है। सच्ची श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान गणेश की आराधना करने से जीवन के विघ्न दूर होते हैं और भक्तों के मनोरथ पूर्ण होते हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान भगवान गणपति को प्रतिदिन 2100 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। कुल 11 हजार लड्डू अर्पित करने का संकल्प लिया गया है। प्रतिदिन सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक विशेष पूजा-अर्चना होगी। शाम की पूजा के बाद भव्य आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। महोत्सव का समापन 17 सितंबर को भव्य गणपति शोभायात्रा के साथ होगा। पिंटू सुथार ने बताया कि शोभायात्रा सुबह 9:30 बजे दूधेश्वर नाथ मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए मुरादनगर स्थित दूधेश्वर घाट पहुंचेगी। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान गणपति की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button