ग़ाज़ियाबाद

पुलिस चौकी के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, मचा हड़कंप 

गाजियाबाद। नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के दौरान एक युवक ने चौकी से बाहर निकलकर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। अचानक हुई घटना से पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग बुझाई और युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस के मुताबिक, नेहरू गार्डन कॉलोनी निवासी मोनू का कॉलोनी में पानी का काम करने वाले कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश को लेकर बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया था। दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान मोनू अचानक गुस्से में चौकी से बाहर निकल आया। आरोप है कि उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाला और माचिस की तीली जलाकर खुद को आग लगा ली। आग लगते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी तत्काल बाहर आए और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। इसके बाद युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पुलिस चौकी के बाहर युवक के खुद को आग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक पहले अपने ऊपर पेट्रोल डालता और फिर माचिस से आग लगाता दिखाई दे रहा है। उसके पास खड़े कुछ लोग मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहे थे। आग लगते ही वहां शोर-शराबा मच गया और पुलिसकर्मी युवक की ओर दौड़े। एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने अपने-अपने प्रार्थना पत्र पुलिस को दिए हैं। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button