मुठभेड़ के बाद दो वाहन चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

साहिबाबाद। इंदिरापुरम पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से क्षेत्र से चोरी की गई ब्रेजा कार, एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह सक्रिय था और चार पहिया वाहनों को निशाना बना रहा था। हाल ही में आरोपियों ने एक ब्रेजा कार चोरी की थी। मंगलवार रात स्वाट टीम, अपराध शाखा और इंदिरापुरम थाने की पुलिस कनावनी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टकरा गई। इसके बाद कार सवार दो युवक उतरकर भागने लगे। आरोप है कि एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। घायल आरोपी की पहचान बिहार के पटना स्थित पोस्टल पार्क निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घेराबंदी कर पकड़े गए दूसरे आरोपी ने अपना नाम पटना के न्यू पुनाई चौक निवासी छोटू कुमार बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बरामद ब्रेजा कार को इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। एसीपी ने बताया कि गुड्डू कुमार के खिलाफ पटना में शराब तस्करी और गुरुग्राम में वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। वह दोनों मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।


