विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी व हलवाई ट्रेड के लिए साक्षात्कार की तिथियां तय
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना वर्ष 2026-27 के तहत लाभार्थियों के चयन के लिए साक्षात्कार की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, सिद्धार्थनगर के उपायुक्त उद्योग की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जारी पत्र के अनुसार दर्जी ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों के चयन के लिए 31 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। दर्जी ट्रेड के छूटे हुए लाभार्थियों के लिए 7 सितंबर को साक्षात्कार होगा। वहीं हलवाई ट्रेड के लिए 8 से 10 सितंबर 2026 तक साक्षात्कार होगा। हलवाई ट्रेड के छूटे हुए लाभार्थियों का साक्षात्कार 11 सितंबर को कराया जाएगा। सभी साक्षात्कार दोपहर 12 बजे से जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, सिद्धार्थनगर में होंगे। उपायुक्त उद्योग ने समिति के सदस्यों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में सहयोग करने का अनुरोध किया है। पत्र प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।



