ग़ाज़ियाबाद

1800 आउटसोर्स सफाई मित्रों का बढ़ा वेतन, नगर आयुक्त ने सम्मान कर बढ़ाया हौसला

गाजियाबाद। शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाए रखने में दिन-रात जुटे नगर निगम के आउटसोर्स सफाई मित्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। गाजियाबाद नगर निगम ने करीब 1800 आउटसोर्स सफाई मित्रों के वेतन में बढ़ोतरी की है। उनका मासिक वेतन करीब 11,700 रुपये से बढ़ाकर 14,600 रुपये कर दिया गया है। यानी प्रत्येक सफाई मित्र के वेतन में लगभग 2,900 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी हुई है। वेतन बढ़ोतरी की जानकारी मिलने पर सफाई मित्रों ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश का आभार जताया।
सफाई मित्रों की ओर से अधिकारियों का धन्यवाद किए जाने पर नगर आयुक्त ने बेहद आत्मीय अंदाज में उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सफाई मित्रों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वेतन बढ़ोतरी सफाई मित्रों का हक है और निगम यह हक उन्हें उपलब्ध करा रहा है। साथ ही जो सफाई मित्र अपने कार्य को पूरी मेहनत, ईमानदारी और बेहतर तरीके से करेंगे, उन्हें अलग से सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा। नगर निगम के सभी 100 वार्डों में सफाई मित्र प्रतिदिन शहर की सफाई व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सुबह से ही महिला और पुरुष सफाई मित्र मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक गलियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में जुट जाते हैं। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सफाई मित्रों की मेहनत लगातार जारी रहती है। नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद को स्वच्छ शहर बनाने के लक्ष्य में सफाई मित्रों का योगदान बेहद अहम है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें पार्षदों और शहरवासियों का सहयोग भी मिल रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के निर्देश और क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार सफाई मित्र अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों के परिश्रम का सम्मान करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। वेतन में बढ़ोतरी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निगम की कोशिश है कि सफाई व्यवस्था में लगे कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके मनोबल को भी लगातार बढ़ाया जाए। वेतन बढ़ोतरी के बाद सफाई मित्रों ने नगर निगम अधिकारियों का आभार जताया। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के महानगर अध्यक्ष शक्ति जीनवाल और उनकी टीम ने नगर आयुक्त तथा निगम अधिकारियों का धन्यवाद किया। सफाई मित्रों ने कहा कि वेतन में बढ़ोतरी से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी और निगम की ओर से किए गए इस निर्णय से उनका उत्साह भी बढ़ा है। इस मौके पर वाल्मीकि समाज के नेता प्रदीप चौहान भी मौजूद रहे। निगम अधिकारियों ने सफाई मित्रों की समस्याओं और कार्य से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की तथा उन्हें बेहतर तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सफाई मित्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि केवल वेतन बढ़ाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करना भी जरूरी है। जो सफाई मित्र अपने क्षेत्र में नियमित रूप से बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने, जिम्मेदारी के साथ काम करने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में विशेष योगदान देंगे, उन्हें निगम की ओर से अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल से सफाई मित्रों में काम के प्रति उत्साह बढऩे की उम्मीद है। नगर निगम का मानना है कि कर्मचारियों के बेहतर कार्य को प्रोत्साहन मिलने से स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। सफाई मित्रों को भी अपने कार्य के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा।
नगर निगम की ओर से आउटसोर्स सफाई मित्रों के साथ-साथ आउटसोर्स ड्राइवरों के वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है। करीब 2000 आउटसोर्स ड्राइवरों का मासिक वेतन 13,600 रुपये से बढ़ाकर 16,900 रुपये किया गया है। यानी ड्राइवरों के वेतन में भी करीब 3,300 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी हुई है। इसके अतिरिक्त उन्हें पीएफ और ईएसआई की सुविधा भी मिलती रहेगी। नगर निगम की इस पहल से सफाई व्यवस्था से जुड़े बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर की स्वच्छता और दैनिक व्यवस्थाओं को सुचारु रखने में सफाई मित्रों तथा ड्राइवरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके हितों का ध्यान रखते हुए वेतन और सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम अपने कर्मचारियों और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मियों के हितों के प्रति गंभीर है। सफाई मित्रों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें उचित वेतन और प्रोत्साहन देना जरूरी है। उन्होंने सफाई मित्रों से भी अपील की कि वे इसी उत्साह के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान देते रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button