बंद फ्लैट में भड़की आग, धमाके से फटा गैस सिलेंडर; 35 मिनट में दमकल ने पाया काबू

साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वैशाली स्थित ग्रीन स्ट्रीट अपार्टमेंट में शुक्रवार तड़के करीब पौने चार बजे एक बंद फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और फ्लैट में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके और आग की लपटों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और करीब 35 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। फ्लैट बंद होने के कारण टीम ने पहले ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल पानी की बौछार शुरू की और आसपास के हिस्से में आग फैलने से रोकने का प्रयास किया। आग के दौरान गैस सिलेंडर फटने से स्थिति और गंभीर हो गई थी। हालांकि दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित कर लिया। फ्लैट से आग और धुआं निकलता देख आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए दमकल कर्मियों ने आसपास के निवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। आग पर नियंत्रण होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास के अन्य फ्लैटों तक आग फैलने से बच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाने के बाद फ्लैट की स्थिति का जायजा लिया और यह भी सुनिश्चित किया कि कहीं दोबारा आग भड़कने की संभावना न हो। तड़के हुई इस घटना ने अपार्टमेंट में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों को सतर्क कर दिया है।



