ग़ाज़ियाबाद

15 अगस्त से पहले करा लें एलपीजी की ई-केवाईसी, अब तक 8.50 लाख उपभोक्ताओं का सत्यापन पूरा

गाजियाबाद। घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने का अभियान तेज कर दिया गया है और उपभोक्ताओं से 15 अगस्त से पहले अपना ई-केवाईसी सत्यापन पूरा कराने की अपील की गई है। समय पर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे चलकर सिलिंडर लेने में परेशानी हो सकती है और उन्हें अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। इससे सीधे तौर पर उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पडऩे की आशंका है। गाजियाबाद जिले में घरेलू एलपीजी गैस के करीब 12 लाख कनेक्शन हैं। इनमें से लगभग 8.50 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 30 प्रतिशत कनेक्शनधारक अभी इस प्रक्रिया से बाहर हैं। विभाग और गैस एजेंसियों की ओर से शेष उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की जा रही है। जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी करा ली है, लेकिन अभी भी करीब 3.50 लाख कनेक्शनधारकों का सत्यापन बाकी बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार ई-केवाईसी का उद्देश्य गैस उपभोक्ताओं की पहचान को अपडेट करना और वास्तविक कनेक्शनधारकों का रिकॉर्ड सुनिश्चित करना है। गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक कई उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर और पते समय के साथ बदल चुके हैं। कुछ कनेक्शनों पर लंबे समय से गैस सिलिंडर नहीं लिया गया है। ऐसे कनेक्शनों के रिकॉर्ड को अपडेट करने और निष्क्रिय कनेक्शनों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना सत्यापन करा लें, ताकि भविष्य में गैस सिलिंडर लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के चक्कर लगाने तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा। उपभोक्ता अपने गैस वितरण केंद्र पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा घर पर सिलिंडर पहुंचाने वाले अधिकृत डिलीवरी कर्मी की मदद से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इंडेन गैस के उपभोक्ताओं के लिए इंडियन ऑयल वन एप के माध्यम से घर बैठे ई-केवाईसी कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा कई गैस कंपनियों ने अपने अधिकृत मोबाइल एप और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई है। उपभोक्ता अपनी गैस एजेंसी पर कंज्यूमर नंबर देकर ई-केवाईसी की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डिलीवरी बॉय से भी स्टेटस की जानकारी ली जा सकती है। इसके अलावा संबंधित गैस कंपनी के अधिकृत कस्टमर केयर पर उपभोक्ता संख्या बताकर भी ई-केवाईसी की स्थिति की पुष्टि की जा सकती है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी, कॉमन सर्विस सेंटर यानी सीएससी और विशेष शिविरों में जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप के माध्यम से भी यह सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपनी गैस कंपनी के अधिकृत एप या वेबसाइट पर लॉगिन कर ई-केवाईसी का स्टेटस जरूर जांच लें। यदि ई-केवाईसी लंबित है तो निर्धारित समय से पहले इसे पूरा करा लें। अमित तिवारी ने कहा कि ई-केवाईसी का उद्देश्य उपभोक्ताओं की सही पहचान सुनिश्चित करने के साथ गैस कनेक्शनों के रिकॉर्ड को अपडेट रखना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को निजी जानकारी या ओटीपी साझा न करें और ई-केवाईसी केवल गैस कंपनी के अधिकृत माध्यमों से ही कराएं। विभाग की ओर से शेष उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 15 अगस्त से पहले ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में गैस सिलिंडर की आपूर्ति या संबंधित सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button