ग़ाज़ियाबाद

दिव्यांगों के लिए रोजगार का दरवाजा खोलेगा प्रशासन, 3 से 10 अगस्त तक विशेष अभियान-दिव्यांग महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोडऩे पर जोर, मौके पर ही होगा पंजीकरण और योजनाओं के लिए आवेदन

गाजियाबाद। जनपद के दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक विकास भवन, गाजियाबाद में विशेष दिव्यांग रोजगार एवं स्वरोजगार अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान में दिव्यांगजनों को रोजगार, स्वरोजगार, बैंक ऋण, कौशल विकास, सरकारी योजनाओं और निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने बताया कि अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे। इससे दिव्यांगजनों को अलग-अलग विभागों और कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उनकी योग्यता, रुचि और जरूरत के अनुसार योजनाओं का चयन कर मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, ग्रामोद्योग रोजगार योजना, माटी कला टूल किट योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना शामिल हैं। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए ऋण योजना, बकरी पालन, मुर्गी पालन, सूकर पालन और नेपियर घास योजना के तहत भी पात्र लाभार्थियों को जोड़े जाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र की दिव्यांग महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों से जोडऩे के साथ शहरी क्षेत्र की दिव्यांग महिलाओं को डूडा के माध्यम से संचालित स्वयं सहायता समूहों से जोडऩे की व्यवस्था की जाएगी। अभियान में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग केंद्र, जिला उद्यान अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक, राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य, जिला विकास अधिकारी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, पशुपालन विभाग, एनआरएलएम, बैंक प्रतिनिधि और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। विशेष अभियान के दौरान दिव्यांगजनों के लिए रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। जोमैटो, ब्लिंकिट सहित फूड डिलीवरी और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है।
शिक्षित और नौकरी के इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थियों का मौके पर पंजीकरण कराया जाएगा। उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल और रुचि के आधार पर निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे नौकरी की तलाश कर रहे दिव्यांग युवाओं को सीधे कंपनियों से जुडऩे का अवसर मिलेगा। जो दिव्यांगजन नौकरी के बजाय अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उन्हें भी अभियान में विशेष सहायता दी जाएगी। संबंधित विभागों की स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं के तहत पात्रता के अनुसार आवेदन कराया जाएगा। बैंक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ऋण प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
सीडीओ कुमार सौरभ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान में आने वाले प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन को योजनाओं की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए और पात्रता के अनुसार उनके आवेदन प्राथमिकता से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे 3 से 10 अगस्त के बीच विकास भवन में आयोजित इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाएं। मौके पर पंजीकरण और आवेदन की सुविधा का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड अथवा दिव्यांग प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, शैक्षिक प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर आएं। सीडीओ ने कहा कि इस अभियान की जानकारी अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक पहुंचाई जाए, ताकि जनपद का कोई भी पात्र व्यक्ति रोजगार, स्वरोजगार अथवा सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। अभियान से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और रोजगार मेले की जानकारी के लिए इच्छुक दिव्यांगजन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी गाजियाबाद अंशुल चौहान के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8791491011 पर संदेश भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button