प्रताप विहार में अब हर बुधवार-शुक्रवार लगेगा विद्युत उपभोक्ता सेवा शिविर

गाजियाबाद। शहर विधायक संजीव शर्मा के निरंतर प्रयासों और क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने प्रताप विहार स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पर प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को नियमित विद्युत उपभोक्ता सेवा शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों में बिजली उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। सेवा शिविर में बिजली बिल संशोधन, बिल संबंधी त्रुटियों का सुधार, मीटर से जुड़ी शिकायतें, विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याएं तथा अन्य तकनीकी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समयबद्ध तरीके से राहत मिलेगी। प्रताप विहार निवासी एवं भोजपुरी विकास समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह सहित अनेक क्षेत्रवासियों ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव शर्मा से मिलकर नियमित विद्युत सेवा शिविर लगाए जाने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि बिल संबंधी त्रुटियों के सुधार के लिए लोगों को कविनगर स्थित विद्युत कार्यालय जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विधायक संजीव शर्मा ने तत्काल पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता और पत्राचार कर क्षेत्र में नियमित शिविर लगाए जाने की मांग की। विधायक के प्रयासों के परिणामस्वरूप अब प्रताप विहार में प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आमजन को सरल, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे ये सेवा शिविर क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। साथ ही उन्होंने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की कि जिनके बिजली बिल, मीटर अथवा अन्य विद्युत संबंधी कोई भी समस्या हो, वे निर्धारित दिवस पर शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।



