महंगाई की मार और बेरोजगारी के मुद्दे पर धनपति वर्मा का बड़ा हमला

कहा जनता के सवालों से भाग रही सरकार, अब गांव-गांव उठेगी आवाज
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। समाजवादी अधिवक्ता सभा के 128 विधानसभा बरखेड़ा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता धनपति वर्मा एडवोकेट ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ग्राम जरा, लालपुर माधोटाडा, विधिपुर, शिवनगर, ग्रांट-1 बानगंज, इटौरिया जा विहारीपुर, विहारीपुर ज० इटौरिया, बुढ़िया ज० नौगमा, पलिया माफी, वकैनिया ता० महद, हसनापुर, सिधौरा बिंदुआ, मित्रपुर, महदखास और शेरगंज सहित कई गांवों में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनसंपर्क के दौरान धनपति वर्मा ने प्रदेश सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल कानून व्यवस्था की दोहरी-तिहरी मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे और प्रचार तो खूब कर रही है, लेकिन गांवों की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। ग्रामीण आज भी सड़क, बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत और पसीने से फसल पैदा करता है, लेकिन उसे अपनी उपज का उचित मूल्य हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। दूसरी ओर नौजवान रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं और गरीब तथा मजदूर परिवार बढ़ती महंगाई के चलते आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की वास्तविक परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है और जनहित के गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए प्रचार-प्रसार का सहारा लिया जा रहा है।
कानून व्यवस्था को लेकर भी धनपति वर्मा ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को जनता की पीड़ा दिखाई नहीं दे रही, लेकिन समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी।
धनपति वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों, महिलाओं, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। धनपति वर्मा ने भरोसा दिलाया कि जनता की हर आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। इस दौरान डॉ. ऋषिपाल वर्मा, कामता प्रसाद, राजीव कुमार वर्मा, सतीश कुमार वर्मा, वीर प्रताप सिंह, सुरेश चंद्र, सेवाराम, जगदीश लोधी, शोभित, वेद प्रकाश दीक्षित, शंकर लाल, अरमान अली, अरविंद राजपूत, प्रशांत कुमार गंगवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।



