शहर-राज्य

कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं अनाधिकृत अनुपस्थिति पर पुलिस अधीक्षक की बड़ी कार्रवाई

तीन पुलिसकर्मी तत्काल प्रभाव से निलंबित, विभागीय कार्यवाही भी प्रारम्भ

संतकबीरनगर। 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस विभाग में अनुशासन एवं कार्य संस्कृति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं अनाधिकृत रूप से लंबे समय तक अनुपस्थित रहने वाले तीन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों का विवरण निम्नवत है-

1. आरक्षी स0पु0 पन्नेलाल-

दिनांक 10.05.2026 से 07 दिवस के आकस्मिक अवकाश पर जाने के उपरांत अवकाश समाप्त होने के बावजूद बिना किसी वैध कारण एवं बिना अनुमति अपने कर्तव्य पर उपस्थित नहीं हुए तथा लगातार अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे।

2. रिक्रूट आरक्षी दिव्यम मिश्रा

दिनांक 09.08.2025 से 02 दिवस के आकस्मिक अवकाश पर प्रस्थान करने के उपरांत अवकाश समाप्त होने के बाद भी ड्यूटी पर उपस्थित न होकर अनाधिकृत रूप से निरंतर अनुपस्थित रहे।

3. रिक्रूट आरक्षी अभिषेक सिंह चौहान

दिनांक 19.10.2025 से बिना किसी प्रकार की स्वीकृत छुट्टी एवं बिना पूर्व अनुमति के लगातार अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे, जो कर्मचारी आचरण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है ।

उक्त तीनों पुलिसकर्मियों का आचरण उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के प्रतिकूल पाए जाने पर उत्तर प्रदेश के अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली, 1991 के नियम-17(1)(क) के अंतर्गत विभागीय कार्यवाही संस्थित करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि में तीनों पुलिसकर्मियों का सम्बद्धीकरण पुलिस लाइन, जनपद संतकबीरनगर में रहेगा तथा उन्हें निर्देशित किया गया है कि सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति प्राप्त किए बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने स्पष्ट किया है कि जनपद पुलिस में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्तरदायित्व से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। सेवा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक पुलिसकर्मी के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button