शहर-राज्य

पालिका परिषद की टीम ने सारा मार्ग चौड़ीकरण को लेकर मकानों का चिन्हांकन कर लाल निशान लगाए 

वेलकम इंडिया संवाददाता

मोदीनगर। गोविंदपुरी से सारा गांव तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद अब समाधान की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। सोमवार को नगर पालिका परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे बने मकानों का चिन्हांकन करते हुए लाल रंग के निशान लगाए। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि सारा गांव के ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बेहद संकरी होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। विशेष रूप से गन्ना सीजन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य बड़े वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी होती है। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और अतिक्रमण के कारण लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। ग्रामीणों ने पिछले दो महीनों में जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक को कई बार शिकायत पत्र भेजे। इसके अलावा मोदीनगर तहसील पर धरना-प्रदर्शन कर चेतावनी भी दी थी कि यदि जल्द सड़क चौड़ीकरण नहीं कराया गया तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसी मांग को लेकर सोमवार को भी बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। नगर पालिका परिषद की ओर से मौके पर पहुंचे अधिकारी अंकित चौधरी ने बताया कि सड़क के दोनों ओर चौड़ीकरण किया जाएगा। इसी उद्देश्य से प्रभावित मकानों का चिन्हांकन कर लाल निशान लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन मकान मालिकों के भवन चिन्हित किए गए हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जाएगा।अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय के भीतर संबंधित लोग स्वयं निर्माण नहीं हटाते हैं तो नगर पालिका प्रशासन अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा। चिन्हित सीमा तक बने निर्माण को हटाकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिल सके। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button