नगर निगम के अनूप नगर फाजलपुर (वार्ड -25) में 21 वर्षों से सफाई व विकास कार्य ठप, नगर आयुक्त से शिकायत

सड़कों पर गहरे गड्ढे और जलभराव होने से बच्चों और बुजुर्गों का पैदल चलना भी दूभर….
उज्ज्वल रस्तौगी मेरठ
मेरठ। अनूप नगर, फाजलपुर वार्ड नंबर 25, (मेरठ शहर) के अंतर्गत आने वाले पाल मोहल्ला, सैनी मोहल्ला, मुस्लिम और बनिया मोहल्ला के लोगों ने सोमवार को नगर आयुक्त को एक शिकायत पत्र के माध्यम से गुड्डू, जाकिर, मोहसिन खान, चुन्नीलाल, हरि सिंह, आर डी गुप्ता, विपिन कुमार प्रमोद कुमार, नितिन शाहिद जाहिद, डॉक्टर सलीम अहमद, नूर आलम, सुरेंद्र यादव, इकबाल व इरशाद अहमद के अलावा अन्य लोगों ने हस्ताक्षर सहित पत्र सौंपते हुए बताया कि अनूप नगर फाजलपुर के पाल, सैनी, मुस्लिम और बनिया मोहल्ले में पिछले 21 वर्षों से सड़क टाइल्स निर्माण कार्य नहीं हुआ है
इन चारों मोहल्लों में न तो टाइल्स लगाई गई हैं और न ही उचित प्रकार से खड़ंजे का निर्माण हुआ है। इतने लंबे समय से विकास कार्य न होने के कारण वर्तमान में यहाँ की स्थिति अत्यंत बदतर हो चुकी है। सड़कों पर गहरे गड्ढे और जलभराव होने से आम जनता, बच्चों और बुजुर्गों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। जबकि इनके आस-पास के अन्य मोहल्लों में पिछले कुछ सालों में 3 से 4 बार टाइल्स और सड़कों का बार बार निर्माण हो चुका है, परंतु आज के आधुनिक दौर में जहाँ जगह जगह सीमेंटेड (आरसीसी रोड) विशेषकर दर्जी मौहल्ला, बन्नू मियां कॉलोनी और तेजविहार जो फाज़लपुर से काफी समय बाद विकसित हुई कॉलोनियों में डाबर की सड़क, सीमेंटेड रोड विकसित हो चुकी है और अन्य आधुनिक निर्माण भी जोरों पर है। वहीं इस क्षेत्र के सबसे पुराने मोहल्ले आज भी पूर्णरूप से पिछड़े हुए हैं जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा प्रतीत होता है कि यहाँ आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब वर्ग के लोग रहने के कारण कोई भी जनप्रतिनिधि या अन्य प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय नेता इस क्षेत्र के विकास कार्य में रुचि नहीं लेता है। अगर भावपूर्ण और गणतीय रूप से देखा जाए तो यहाँ के निवासी शुद्ध रूप से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा
आप स्वयं या अपनी टीम के माध्यम से एक बार हमारे क्षेत्र (पाल, सैनी और बनिया मोहल्ला) का भौतिक निरीक्षण (दौरा) करने का कष्ट करें। इन तीनों मोहल्लों में जल्द से जल्द सीमेंटेड सड़क या टाइल्स का निर्माण कराने की कृपा करें ताकि यहाँ के नागरिकों को ऐसी भेदभाव पूर्ण रणनीति से अन्य तरह की समस्याओं से स्थाई छुटकारा मिल सके। वहीं उन्होंने कहा यहाँ पर कोई साफ सफाई और कूड़ा उठाने वाला कभी नहीं आता जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।



