ग़ाज़ियाबाद

विशेष अभियान में 136 चालक शराब पीकर वाहन चलाते मिले, शहरभर में देर रात तक चली सघन जांच

गाजियाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शनिवार देर रात शहरभर में ‘ड्रंक एंड ड्राइवÓ के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 136 चालकों समेत कुल 334 वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में चालान किए गए। अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीमें देर रात तक शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहीं और संदिग्ध वाहनों की जांच की। शिप्रा मॉल, गौर ग्रीन, राजनगर एक्सटेंशन, आरडीसी, मॉडल टाउन सहित कई प्रमुख स्थानों पर वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। इस दौरान 136 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान केवल नशे में वाहन चलाने वालों पर ही नहीं, बल्कि अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई। सबसे अधिक 147 चालान दोषपूर्ण अथवा नियमों के विपरीत लगी नंबर प्लेट वाले वाहनों के किए गए। इसके अलावा 17 वाहनों में मानकों के विपरीत परिवर्तित साइलेंसर लगाए जाने तथा 34 वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का उपयोग पाए जाने पर भी चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। एडीसीपी यातायात वरुण कुमार सिंह ने वाहन चालकों से अपील की कि वे शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button