शहर-राज्य

अवैध पार्किंग पर मनमानी का आरोप, श्रद्धालुओं से अभद्रता का वीडियो चर्चा में

मथुरा/वृन्दावन। धार्मिक नगरी वृन्दावन में अवैध पार्किंग के संचालन और श्रद्धालुओं से कथित मनमानी वसूली के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह संचालित हो रही पार्किंग व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर बिना मानकों का पालन किए पार्किंग संचालित की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ताजा मामला छटीकरा-वृन्दावन मार्ग पर मल्टी स्टोरी पार्किंग के सामने संचालित अन्नपूर्णा पार्किंग से जुड़ा है। आरोप है कि यहां वाहन पार्क कराने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली जाती है। विरोध करने पर पार्किंग कर्मचारी यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है।

बताया गया कि बीते दिनों दिल्ली से दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु परिवार के साथ पार्किंग कर्मचारियों की कहासुनी हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने महिलाओं और बच्चों की मौजूदगी के बावजूद अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बदसलूकी की। घटना का वीडियो भी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित पार्किंग पर लंबे समय से नियमों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से संचालकों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने तथा श्रद्धालुओं से होने वाली मनमानी वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button