शहर-राज्य
घायल बंदर के बच्चे का कराया उपचार, वन विभाग को सौंपा

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। गुरुवार को दोपहर 3:40 बजे सीडीओ आवास के सामने एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बंदर का बच्चा घायल होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पीआरवी 6043 मौके पर पहुंची। वहां बड़ी संख्या में बंदरों के एकत्र होने से अफरा-तफरी का माहौल था। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो बंदर का बच्चा जीवित मिला। इसके बाद उसे तत्काल पशु चिकित्सालय सिद्धार्थनगर पहुंचाकर उपचार कराया गया। उपचार के बाद घायल बंदर के बच्चे को वन विभाग के कर्मचारियों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की तत्परता से घायल वन्यजीव को समय पर उपचार मिल सका। इस दौरान उपनिरीक्षक हरिचरन वर्मा, कांस्टेबल अवधेश चौधरी तथा पीआरवी चालक संतोष कुमार पाण्डेय ने सराहनीय भूमिका निभाई।



