शहर-राज्य

तथास्तु सेवा समिति द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, रक्तदाताओं का हुआ सम्मान

उज्ज्वल रस्तौगी


मेरठ, 28 जून रविवार। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था तथास्तु सेवा समिति, मेरठ द्वारा जसवंत राय स्पेशलिटी हॉस्पिटल ब्लड सेंटर में एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ डॉ० लक्ष्मीकांत बाजपेयी (राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा) तथा श्री विवेक रस्तोगी (महानगर अध्यक्ष भाजपा, मेरठ) द्वारा संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों ने राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण की भावना को सर्वोपरि बताते हुए रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। डॉ० लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल जरूरतमंदों की सहायता होती है बल्कि रक्तदाता का स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है।
विवेक रस्तोगी ने रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
तथास्तु सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ० गोपाल शर्मा (अधिवक्ता) ने उपस्थित जनसमूह को रक्तदान के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज होती है, हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले सभी महादानियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले रक्तदाताओं ने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।
डॉ० गोपाल शर्मा व समिति पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, ब्लड बैंक कर्मियों, छायाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी जनहित एवं मानव सेवा के ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं मानव कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।
रक्तदान कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रताप विराज मिश्रा(सचिव तथास्तु सेवा समिति), गुलाब सिंह तंवर(उप सचिव तथास्तु सेवा समिति), इंदु रानी(कोषाध्यक्ष तथास्तु सेवा समिति), प्रज्ञा शर्मा(उपाध्यक्ष तथास्तु सेवा समिति), भाजपा नेता बलराज डूंगर, निमेष वशिष्ठ, इंद्रजीत, अमित भारद्वाज, यश गोस्वामी, सिद्धार्थ, शोभित तोमर, गौरव विश्वकर्मा, हिमांशु शर्मा, सुभाष चंद्र,वंश वर्मा,शाहजेब मंसूरी, अन्नू खान, सोनू गर्ग, सोनिया भारद्वाज, शीतल, प्रीति, विशाल धानक व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button