ग़ाज़ियाबाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले सांसद अतुल गर्ग, सीआरआईएफ फंड से परियोजना को मिली नई उम्मीद

गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद अतुल गर्ग ने मंगलवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से नए बस अड्डे से दौलतपुरा तक प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया। सांसद अतुल गर्ग ने मुख्यमंत्री को बताया कि नए बस अड्डे से दौलतपुरा तक का मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को जाम और समय की बर्बादी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि इस मार्ग पर केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के माध्यम से एलिवेटेड सड़क का निर्माण कराया जाता है तो इससे न केवल यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा, बल्कि शहर के विकास को भी नई गति मिलेगी। मुलाकात के दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि प्रदेश सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार को अपनी औपचारिक संस्तुति भेजे, जिससे परियोजना को शीघ्र स्वीकृति मिल सके और निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना गाजियाबाद के लाखों नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके पूरा होने से लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ-साथ यात्रा का समय भी काफी कम होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद की बात को गंभीरता से सुनते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने मौखिक रूप से आश्वासन दिया कि इस परियोजना के संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को प्रदेश सरकार की संस्तुति उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सांसद अतुल गर्ग ने मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से गाजियाबाद में विकास परियोजनाओं को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड सड़क बनने से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना, सड़क नेटवर्क और शहरी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। गाजियाबाद भी इन विकास योजनाओं का लगातार लाभ उठा रहा है और आने वाले समय में कई नई परियोजनाओं के माध्यम से शहर की तस्वीर और बेहतर होगी। सांसद ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री की संस्तुति के बाद परियोजना को केंद्र सरकार से भी आवश्यक स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया तेज होगी। इसके बाद नए बस अड्डे से दौलतपुरा तक एलिवेटेड सड़क के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लाखों लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद को आधुनिक, सुव्यवस्थित और जाममुक्त शहर बनाने के लिए ऐसे विकास कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button