शहर-राज्य

रवि चौधरी को सौंपा ज्ञापन, बोले- ई-पंजीकरण से छिनेगा रोजगार; ओपी राजभर से दखल की मांग

मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से प्रस्तावित ई-पंजीकरण (डिजिटल रजिस्ट्री) व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को मुरादाबाद के अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप विक्रेताओं एवं टाइपिस्टों व दी बार एसोसिएशन के महासचिव कपिल गुप्ता ने संयुक्त रूप से अपनी मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को प्रेषित किया।ये ज्ञापन मंत्री प्रतिनिधि एवं सुभासपा के मुरादाबाद जिलाध्यक्ष रवि चौधरी को सौंपा गया।

ज्ञापन में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद तथा दस्तावेज लेखक एसोसिएशन, मुरादाबाद के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की जा रही ई-पंजीकरण एवं डिजिटल स्टांपिंग व्यवस्था से अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप विक्रेताओं, टाइपिस्टों एवं मुंशियों के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। साथ ही ग्रामीण एवं अशिक्षित नागरिकों को भी तकनीकी समस्याओं के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञापन में कहा गया कि ऑनलाइन पोर्टल पर तकनीकी खामियों, इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्याओं तथा पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण में आने वाली बाधाओं के कारण संपत्ति पंजीकरण प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके अतिरिक्त प्रस्तावित “निबंधक मित्र” व्यवस्था पर भी आपत्ति जताते हुए कहा गया कि इससे वर्षों से इस क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग की कि 1 जुलाई से लागू होने वाली ई-पंजीकरण व्यवस्था, डिजिटल स्टांपिंग प्रणाली, 12 माह तक के किरायानामा एवं पट्टा विलेखों की ऑनलाइन प्रक्रिया तथा निबंधक मित्रों की नियुक्ति संबंधी आदेशों पर पुनर्विचार किया जाए। साथ ही वर्तमान व्यवस्था को यथावत बनाए रखने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद मंत्री प्रतिनिधि रवि चौधरी ने अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन एवं मांगें कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के समक्ष प्रमुखता से रखी जाएंगी, ताकि संबंधित वर्ग की आजीविका और जनहित से जुड़े विषयों पर उचित निर्णय लिया जा सके।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन, दस्तावेज लेखक एसोसिएशन, स्टांप विक्रेता संघ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं दस्तावेज लेखक उपस्थित रहे।

उक्त कार्यक्रम में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद के महासचिव कपिल गुप्ता, राजीव चौधरी, सचिन शर्मा, विश्वास गुम्बर, आवरण अग्रवाल, बाबू, राजू सैनी, उमेश यादव, सौरभ चतुर्वेदी एवं अजय पाल सिंह सहित अनेक अधिवक्ता एवं दस्तावेज लेखक उपस्थित रहे। वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष एवं मंत्री प्रतिनिधि रवि चौधरी, जिला प्रमुख महासचिव गौरव कुमार, महानगर प्रभारी अशोक सैनी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. हनीफ, मोहित ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button