शहर-राज्य

स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग अपनाने का दिया संदेश

_43वीं वाहिनी एसएसबी ने मनाया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस।

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल सिद्धार्थनगर द्वारा रविवार को “स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग” विषय पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों एवं संदीक्षा सदस्यों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा और नियमित योग करने का संकल्प लिया। वाहिनी मुख्यालय तथा अधीनस्थ सभी सीमा चौकियों पर आयोजित कार्यक्रम में योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। कमांडेंट उज्जल दत्ता एवं उप कमांडेंट श्रीमती रीना ने बताया कि भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद वर्ष 2015 में पहली बार पूरे विश्व में योग दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ रहता है तथा अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। सशस्त्र बलों के जवानों के लिए योग विशेष रूप से लाभकारी है, क्योंकि इससे शारीरिक क्षमता बढ़ती है, मन एकाग्र रहता है और तनाव कम होता है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में वाहिनी द्वारा पूरे सप्ताह योग जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारी, जवान एवं अन्य कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button