मोहर्रम, कांवड़ यात्रा व श्रावण मेले को लेकर पीस कमेटी की बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। मोहर्रम, कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मेले को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि छोटी से छोटी शिकायत और समस्या पर भी गंभीरता से ध्यान दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई, नालियों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज विभाग को सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि जिन मार्गों से मोहर्रम के जुलूस निकलेंगे, वहां विद्युत तारों की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य समय रहते पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों और डीजे की आवाज शासन द्वारा निर्धारित मानकों के भीतर ही रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में कांवड़ यात्रा और श्रावण मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जल भराव स्थलों और नदी घाटों पर गोताखोरों, नावों तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान लागू रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं सुचारु रखने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को पिछले पांच वर्षों के त्योहार रजिस्टर का अध्ययन कर संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष नजर रखने को कहा। बैठक के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



