शहर-राज्य

सहारनपुर में हत्या का खुलासा दोस्त ने नशे के दौरान ईंट मारकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

राजीव मोंगरा
दैनिक वेलकम इंडिया

सहारनपुर
जनपद के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने प्रेस वार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया है थाना गागलहेड़ी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह की पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद की है।पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को ग्राम कैलाशपुर स्थित कब्रिस्तान वाले रास्ते के पास खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था, जिसके सिर पर चोट के निशान थे। इस मामले में थाना गागलहेड़ी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मृतक की पहचान दादा उर्फ सुल्तान के रूप में हुई। जांच में ग्राम रसूलपुर पापड़ेकी निवासी अब्दुल्ला पुत्र स्वर्गीय शकील का नाम सामने आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने 12 मई को आरोपी को छपरेड़ी से ढाल्ला माजरा जाने वाले रास्ते पर निर्माणाधीन टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक 9 अप्रैल को कैलाशपुर में बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान मृतक ने उसकी पत्नी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे वह गुस्से में आ गया।आरोपी ने पहले मृतक को और नशा कराया, फिर ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया। बचने के लिए भाग रहे मृतक पर उसने पीछे से दोबारा ईंट मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली है।आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button