कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय का धर्म रक्षा संघ ने किया सम्मान

मथुरा/वृंदावन। धर्म रक्षा संघ द्वारा शनिवार को परिक्रमा मार्ग स्थित ललित कुंज में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी राधाप्रसाद देवजू महाराज ने की।
समारोह में गत वर्ष फरह क्षेत्र के कोह गांव में हुए जघन्य हत्याकांड प्रकरण में तत्कालीन थाना प्रभारी के रूप में संजय कुमार पांडेय द्वारा की गई उत्कृष्ट विवेचना की सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि इस मामले में एक व्यक्ति ने अपनी बहन की देवरानी को जीवित जलाकर हत्या कर दी थी। विवेचना अधिकारी के रूप में संजय कुमार पांडेय ने निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच करते हुए अपराधी को न्यायालय से फांसी की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
इस अवसर पर संघ पदाधिकारियों ने पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष महंत मोहिनी बिहारी शरण ने कहा कि समाज में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई करने वाले अधिकारियों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संजय कुमार पांडेय ने ईमानदारी एवं साहस के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए वृंदावन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया है।
राष्ट्रीय महामंत्री श्रीदास प्रजापति ने कहा कि फरह के कोह गांव हत्याकांड में की गई सशक्त विवेचना न्याय व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। ऐसे कर्मठ एवं निष्पक्ष पुलिस अधिकारियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है।
कार्यक्रम में आचार्य बद्रीश महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी रामदास महाराज, स्वामी अधिकारी गुरु, महंत दशरथ दास महाराज, महंत चंद्रदास महाराज, आचार्य अनमोल शास्त्री, मुकेश शर्मा, भगवान दास चौधरी एवं सोहनलाल आचार्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


