ग़ाज़ियाबाद

 23.94 लाख मतदाताओं की सूची होगी अपडेट, मतदान केंद्रों के सत्यापन का अभियान शुरू 

गाजियाबाद। आगामी सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और मतदान केंद्रों के सत्यापन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदान केंद्रों की स्थिति, प्रस्तावित मतदान स्थलों और मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। प्रशासन ने राजनीतिक दलों से मतदान केंद्रों के संबंध में सुझाव और आपत्तियां समय से उपलब्ध कराने की अपील की। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जनपद के सभी मतदान केंद्रों का सत्यापन 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक कराया जाएगा। सत्यापन के बाद प्रति मतदान केंद्र 1,200 मतदाताओं के मानक को ध्यान में रखते हुए पोलिंग स्टेशनों से संबंधित संशोधित प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। यह प्रस्ताव राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे आवश्यक सुझाव दे सकें। प्राप्त सुझावों की जांच के बाद 26 अक्टूबर तक प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को संबंधित अभिलेखों के साथ प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजा जाएगा, जहां से इसे भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। जिला निर्वाचन प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि मतदान केंद्रों के स्थान में बदलाव या अन्य किसी प्रकार का सुझाव होने पर तत्काल संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय को जानकारी दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त एकीकृत निर्वाचक नामावली का प्रारूप 12 नवंबर 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने अथवा अन्य त्रुटियों के संबंध में दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके तहत पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने पर जोर रहेगा। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा। बैठक में प्रस्तुत विवरण के अनुसार जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों-लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और धौलाना (आंशिक)-में कुल 8,60 मतदान केंद्र तथा 3,071 प्रस्तावित मतदान स्थल दर्शाए गए हैं। निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए 3,358 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और 336 सुपरवाइजर की व्यवस्था की गई है। 16 अक्टूबर 2026 की मतदाता विवरण रिपोर्ट के मुताबिक इन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 23,94,117 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 13,34,854 पुरुष, 10,59,129 महिला और 130 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। बैठक में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर सत्यापन और पुनरीक्षण कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया। इस दौरान एडीएम एल/ए अवनीश सिंह, समाजवादी पार्टी के ताहिर हुसैन, बहुजन समाज पार्टी के मनोज कुमार, कांग्रेस के डॉ. बाबूराम आर्य, सीपीएम के त्रिफूल सिंह सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button