2027 में पिछड़ा वर्ग बनेगा भाजपा की सबसे बड़ी ताकत: नरेंद्र कश्यप
-कश्यप, निषाद, मल्लाह, बिंद और केवट समाज का बढ़ता समर्थन भाजपा की जीत की मजबूत नींव
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण) नरेंद्र कश्यप ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछड़ा वर्ग सबसे निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि कश्यप-निषाद सहित परंपरागत पिछड़े समाज की बढ़ती एकजुटता भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर प्रचंड बहुमत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। वहीं विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी, का पिछड़ों और दलितों को लेकर बनाया गया राजनीतिक समीकरण इस बार सफल नहीं हो पाएगा। रविवार को गाजियाबाद और मेरठ जनपद के दौरे पर पहुंचे मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कई सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। गाजियाबाद के संजय नगर में आयोजित कार्यक्रम में कश्यप-निषाद समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने समाज की एकजुटता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि जब समाज संगठित होता है तो उसकी भागीदारी और सम्मान दोनों स्वत: बढ़ते हैं। नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा पिछड़ा वर्ग, दलित, वंचित और गरीब समाज को सम्मान देने के साथ उन्हें शासन और प्रशासन में भागीदारी दिलाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार ने पिछड़े वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल चुनाव के समय पिछड़े और दलित समाज की चिंता करते हैं, जबकि भाजपा ने अपने कार्यकाल में इन्हें वास्तविक सम्मान, प्रतिनिधित्व और अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि विकास और काम के आधार पर अपना निर्णय करती है। यही कारण है कि प्रदेश का पिछड़ा वर्ग लगातार भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ता जा रहा है। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि कश्यप, निषाद, मल्लाह, बिंद, केवट और अन्य परंपरागत पिछड़ी जातियों का विश्वास भारतीय जनता पार्टी में लगातार बढ़ रहा है। समाज की यह एकजुटता विपक्ष के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि विपक्षी दलों में बेचैनी साफ दिखाई दे रही है और उनका सामाजिक समीकरण कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पिछड़ा वर्ग सबसे बड़ा निर्णायक फैक्टर साबित होगा और भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। प्रदेश की जनता विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी। मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार और संगठन के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और इसी ताकत के बल पर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेगी।
अपने दौरे के दौरान नरेंद्र कश्यप मेरठ जनपद के रसूलपुर धौलड़ी गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता महावीर कश्यप के जन्मदिवस कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने समाज के प्रबुद्ध लोगों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर सामाजिक एकता, संगठन विस्तार और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की भाजपा की नीति ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कश्यप-निषाद समाज के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने समाज की एकजुटता और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में एक बार फिर विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जनादेश देकर सत्ता की बागडोर सौंपेगी।



