सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश! भ्रामक पोस्ट डालने पर केस दर्ज
गाजियाबाद। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए गाजियाबाद में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि गाजियाबाद में आरएसएस के सदस्यों ने हथियारों के साथ जामिया मस्जिद को घेर लिया और वहां मौजूद मुस्लिमों पर हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात एक्स अकाउंट संचालक के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक, बृहस्पतिवार को पुलिस को एक्स यूजर आईडी से की गई एक पोस्ट की जानकारी मिली थी। पोस्ट में गाजियाबाद में जामिया मस्जिद को घेरने और मुस्लिम समुदाय के लोगों पर हमले का दावा किया गया था। इसके साथ हजारों लोगों की भीड़ का एक वीडियो भी साझा किया गया था।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पोस्ट भ्रामक और आपत्तिजनक प्रतीत हुई। इस तरह की सामग्री से विभिन्न समुदायों के बीच धार्मिक विद्वेष फैलने और शहर की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। मामले में दारोगा विशाल कुमार की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात अकाउंट संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस पोस्ट की सत्यता, वीडियो के स्रोत और उसे प्रसारित करने वाले अकाउंट की पहचान करने में जुटी है।

